श्रीरामचरितमानस

जनकजी द्वारा राम लक्ष्मण के दर्शन पर मुग्धता

  • कीन्ह प्रनामु चरन धरि माथा। दीन्हि असीस मुदित मुनिनाथा॥
    बिप्रबृंद सब सादर बंदे। जानि भाग्य बड़ राउ अनंदे॥1॥

भावार्थ:
राजा ने मुनि के चरणों पर मस्तक रखकर प्रणाम किया। मुनियों के स्वामी विश्वामित्रजी ने प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया। फिर सारी ब्राह्मणमंडली को आदर सहित प्रणाम किया और अपना बड़ा भाग्य जानकर राजा आनंदित हुए॥1॥

English Translation:
The King bowed his head at the Sage’s feet in reverence. Pleased, the Chief of Sages blessed him. The King then respectfully offered prayers to all the Brahmins present, and feeling immensely fortunate, his heart overflowed with joy.


  • कुसल प्रस्न कहि बारहिं बारा। बिस्वामित्र नृपहि बैठारा॥
    तेहि अवसर आए दोउ भाई। गए रहे देखन फुलवाई॥2॥

भावार्थ:
बार-बार कुशल प्रश्न करके विश्वामित्रजी ने राजा को बैठाया। उसी समय दोनों भाई आ पहुँचे, जो फुलवाड़ी देखने गए थे॥2॥

English Translation:
After repeatedly inquiring about the King’s well-being, Sage Vishwamitra had him seated. Just then, the two Brothers, Ram and Lakshman, returned—having gone to see the flower garden.


  • स्याम गौर मृदु बयस किसोरा। लोचन सुखद बिस्व चित चोरा॥
    उठे सकल जब रघुपति आए। बिस्वामित्र निकट बैठाए॥3॥

भावार्थ:
सुकुमार किशोर अवस्था वाले श्याम और गौर वर्ण के दोनों कुमार नेत्रों को सुख देने वाले और सारे विश्व के चित्त को चुराने वाले हैं। जब रघुनाथजी आए तब सभी (उनके रूप एवं तेज से प्रभावित होकर) उठकर खड़े हो गए। विश्वामित्रजी ने उनको अपने पास बैठा लिया॥3॥

English Translation:
One had a bluish complexion, the other fair. Both were in the tender bloom of youth, with a grace that pleased the eyes and stole hearts. As Shri Raghupati entered, all stood up in admiration, and Vishwamitra had them seated near him.


  • भए सब सुखी देखि दोउ भ्राता। बारि बिलोचन पुलकित गाता॥
    मूरति मधुर मनोहर देखी भयउ बिदेहु बिदेहु बिसेषी॥4॥

भावार्थ:
दोनों भाइयों को देखकर सभी सुखी हुए। सबके नेत्रों में जल भर आया (आनंद और प्रेम के आँसू उमड़ पड़े) और शरीर रोमांचित हो उठे। रामजी की मधुर मनोहर मूर्ति को देखकर विदेह (जनक) विशेष रूप से विदेह (देह की सुध-बुध से रहित) हो गए॥4॥

English Translation:
Everyone was overjoyed at the sight of the two Brothers. Tears welled in their eyes, and their bodies shivered in divine ecstasy. Seeing Shri Ram’s sweet, charming form, King Videh (Janak) became truly “Videh”—forgetful of his physical self in bliss.


  • प्रेम मगन मनु जानि नृपु करि बिबेकु धरि धीर।
    बोलेउ मुनि पद नाइ सिरु गदगद गिरा गभीर॥215॥

भावार्थ:
मन को प्रेम में मग्न जान राजा जनक ने विवेक का आश्रय लेकर धीरज धारण किया और मुनि के चरणों में सिर नवाकर गद्‍गद्‍ (प्रेमभरी) गंभीर वाणी से कहा- ॥215॥

English Translation:
Realizing that his heart was overwhelmed with love, King Janak composed himself with wisdom. He then bowed at the Sage’s feet and, in a deeply emotional and resonant voice, spoke…


  • कहहु नाथ सुंदर दोउ बालक। मुनिकुल तिलक कि नृपकुल पालक॥
    ब्रह्म जो निगम नेति कहि गावा। उभय बेष धरि की सोइ आवा॥1॥

भावार्थ:
हे नाथ! कहिए, ये दोनों सुंदर बालक मुनिकुल के आभूषण हैं या किसी राजवंश के पालक? अथवा जिसका वेदों ने ‘नेति’ कहकर गान किया है कहीं वह ब्रह्म तो युगल रूप धरकर नहीं आया है?॥1॥

English Translation:
“O Lord, please tell me—are these two radiant boys ornaments of a sage’s lineage, or guardians of a royal house? Or is it that formless Brahman, whom the Vedas describe with ‘neti-neti,’ come forth in dual human form?”


  • सहज बिरागरूप मनु मोरा। थकित होत जिमि चंद चकोरा॥
    ताते प्रभु पूछउँ सतिभाऊ। कहहु नाथ जनि करहु दुराऊ॥2॥

भावार्थ:
मेरा मन जो स्वभाव से ही वैराग्य रूप (बना हुआ) है, (इन्हें देखकर) इस तरह मुग्ध हो रहा है, जैसे चन्द्रमा को देखकर चकोर। हे प्रभो! इसलिए मैं आपसे सत्य (निश्छल) भाव से पूछता हूँ। हे नाथ! बताइए, छिपाव न कीजिए॥2॥

English Translation:
My heart, which is naturally detached from worldly attractions, is now enchanted—just like the partridge that becomes spellbound by the Moon. Therefore, O Lord, I ask you with utmost sincerity—please reveal the truth to me and do not hide it, O Master.


  • इनहिं बिलोकत अति अनुरागा। बरबस ब्रह्मसुखहि मन त्यागा॥
    कह मुनि बिहसि कहेहु नृप नीका। बचन तुम्हार न होइ अलीका॥3॥

भावार्थ:
इनको देखते ही अत्यन्त प्रेम के वश होकर मेरे मन ने जबर्दस्ती ब्रह्मसुख को त्याग दिया है। मुनि ने हँसकर कहा- हे राजन्‌! आपने ठीक (यथार्थ ही) कहा। आपका वचन मिथ्या नहीं हो सकता॥3॥

English Translation:
Just by seeing them, my heart has abandoned even the supreme joy of Brahman due to overwhelming affection. The Sage smiled and said, “O King, what you say is absolutely true. Your words cannot be false.”


  • ए प्रिय सबहि जहाँ लगि प्रानी। मन मुसुकाहिं रामु सुनि बानी॥
    रघुकुल मनि दसरथ के जाए। मम हित लागि नरेस पठाए॥4॥

भावार्थ:
जगत में जहाँ तक (जितने भी) प्राणी हैं, ये सभी को प्रिय हैं। मुनि की (रहस्य भरी) वाणी सुनकर श्री रामजी मन ही मन मुस्कुराते हैं (हँसकर मानो संकेत करते हैं कि रहस्य खोलिए नहीं)। (तब मुनि ने कहा-) ये रघुकुल मणि महाराज दशरथ के पुत्र हैं। मेरे हित के लिए राजा ने इन्हें मेरे साथ भेजा है॥4॥

English Translation:
These two are dear to all beings in creation. Upon hearing the Sage’s mystical words, Shri Ram smiled inwardly, as if hinting not to reveal more. Then the Sage said, “They are the sons of King Dashrath, the jewel of the Raghu dynasty. The King has sent them with me for my protection.”


  • रामु लखनु दोउ बंधुबर रूप सील बल धाम।
    मख राखेउ सबु साखि जगु जिते असुर संग्राम॥216॥

भावार्थ:
ये राम और लक्ष्मण दोनों श्रेष्ठ भाई रूप, शील और बल के धाम हैं। सारा जगत (इस बात का) साक्षी है कि इन्होंने युद्ध में असुरों को जीतकर मेरे यज्ञ की रक्षा की है॥216॥

English Translation:
Ram and Lakshman, the noble brothers, are embodiments of beauty, virtue, and strength. The entire world stands witness to how they conquered demons in battle and protected my sacred yajna.


  • मुनि तव चरन देखि कह राऊ। कहि न सकउँ निज पुन्य प्रभाऊ॥
    सुंदर स्याम गौर दोउ भ्राता। आनँदहू के आनँद दाता॥1॥

भावार्थ:
राजा ने कहा- हे मुनि! आपके चरणों के दर्शन कर मैं अपना पुण्य प्रभाव कह नहीं सकता। ये सुंदर श्याम और गौर वर्ण के दोनों भाई आनंद को भी आनंद देने वाले हैं॥1॥

English Translation:
King Janak said, “O Sage! I cannot describe the merit by which I have earned the fortune of seeing your holy feet. These two radiant brothers—one dark and the other fair—are givers of joy even to bliss itself.”


  • इनह कै प्रीति परसपर पावनि। कहि न जाइ मन भाव सुहावनि॥
    सुनहु नाथ कह मुदित बिदेहू। ब्रह्म जीव इव सहज सनेहू॥2॥

भावार्थ:
इनकी आपस की प्रीति बड़ी पवित्र और सुहावनी है, वह मन को बहुत भाती है, पर (वाणी से) कही नहीं जा सकती। विदेह (जनकजी) आनंदित होकर कहते हैं- हे नाथ! सुनिए, ब्रह्म और जीव की तरह इनमें स्वाभाविक प्रेम है॥2॥

English Translation:
Their mutual love is so pure and delightful that it pleases the heart yet cannot be described in words. Joyfully, King Janak said, “O Lord! Their bond is natural and eternal, just like the relationship between the Supreme and the soul.”


  • पुनि पुनि प्रभुहि चितव नरनाहू। पुलक गात उर अधिक उछाहू॥
    मुनिहि प्रसंसि नाइ पद सीसू। चलेउ लवाइ नगर अवनीसू॥3॥

भावार्थ:
राजा बार-बार प्रभु को देखते हैं। (प्रेम से) शरीर पुलकित हो रहा है और हृदय में बड़ा उत्साह है। (फिर) मुनि की प्रशंसा करके और उनके चरणों में सिर नवाकर राजा उन्हें नगर में लिवा चले॥3॥

English Translation:
The King kept gazing at Shri Ram again and again. His body thrilled with joy, and his heart overflowed with delight. He praised the Sage, bowed at his feet, and then respectfully led him into the city.


  • सुंदर सदनु सुखद सब काला। तहाँ बासु लै दीन्ह भुआला॥
    करि पूजा सब बिधि सेवकाई। गयउ राउ गृह बिदा कराई॥4॥

भावार्थ:
एक सुंदर महल जो सब समय सुखदायक था, वहाँ राजा ने उन्हें ठहराया। फिर सब विधि से पूजा और सेवा करके राजा उनसे विदा माँगकर अपने घर चले गए॥4॥

English Translation:
He accommodated them in a beautiful palace that brought comfort in every season. After worshipping and serving them with full devotion, the King respectfully sought leave and returned to his residence.


  • रिषय संग रघुबंस मनि करि भोजनु बिश्रामु।
    बैठे प्रभु भ्राता सहित दिवसु रहा भरि जामु॥217॥

भावार्थ:
रघुकुल के शिरोमणि प्रभु श्री रामचन्द्रजी ऋषियों के साथ भोजन और विश्राम करके भाई लक्ष्मण समेत बैठे। उस समय पहरभर दिन रह गया था॥217॥

English Translation:
The crown jewel of the Raghu lineage, Lord Ram, dined and rested with the sages. Then He sat down with His brother Lakshman. At that moment, a quarter of the day remained.